header ads
अपराधछत्तीसगढ़टैकनोलजीनारायणपुररायपुरराष्ट्रीय

CG News: छोटेडोंगर में आमदई माइंस के सिफ्टर वाहन की लापरवाही से टूटे बिजली के तार, पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप

स्थानीय युवकों ने वाहन रोककर जताया विरोध, ग्रामीणों ने बेलगाम माइंस वाहनों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

दंडकारण्य दर्पण 

संवाददाता – बोधन नाग

छोटेडोंगर, नारायणपुर।

नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर में आमदई माइंस से जुड़े एक सिफ्टर वाहन की कथित लापरवाही के कारण मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार टूट गए, जिससे पूरे छोटेडोंगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और आक्रोशित युवकों ने वाहन को मौके पर ही रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना छोटेडोंगर स्थित समीर किराना दुकान के सामने हुई। बताया जा रहा है कि आमदई माइंस का सिफ्टर वाहन सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन की ऊंचाई के कारण ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि तीन स्थानों पर बिजली के तार टूट गए और पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बिजली गुल होने से दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद युवकों ने वाहन को रोककर माइंस प्रबंधन और वाहन चालकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आमदई माइंस से जुड़े भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से गुजरते हैं। उनका आरोप है कि ऐसे वाहन कई बार दुर्घटनाओं का कारण बन चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी नियंत्रण और निगरानी नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और विद्युत विभाग को दे दी गई। विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त तारों का निरीक्षण किया और बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू किया। वहीं पुलिस ने भी घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आमदई माइंस से संचालित भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण किया जाए, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों और संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!