
ब्रिटिश काल की जर्जर पुलिया बनी चिंता का कारण, बड़गांव में ट्रक फंसने से घंटों लगा जाम
निर्माणाधीन सड़क पर माइंस का ट्रक कीचड़ में फंसा, यात्री बस चार घंटे तक जाम में रही, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला
छोटेडोंगर। लगातार हो रही बारिश के बीच नारायणपुर–ओरछा मुख्य मार्ग पर बड़गांव के पास गुरुवार देर रात भारी जाम की स्थिति बन गई। निर्माणाधीन सड़क पर एक माइंस का ट्रक कीचड़ में फंस जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान नारायणपुर से ओरछा जा रही यात्री बस भी करीब चार घंटे तक जाम में फंसी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार आमदई से पल्ली तक लगभग 12 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण सड़क कई स्थानों पर कीचड़ में तब्दील हो गई है। इसी दौरान बड़गांव के पास माइंस का एक भारी ट्रक फंस गया, जिससे पूरे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यात्री बस को वैकल्पिक रास्ते से सुरक्षित निकाल दिया गया। हालांकि देर रात तक फंसे हुए ट्रकों को निकालने का प्रयास जारी था। बताया जा रहा है कि छोटेडोंगर तक ट्रकों की लंबी कतार लगी रही और कई छोटे-बड़े वाहन भी जाम में फंसे रहे।
इस मार्ग पर स्थित ब्रिटिश काल की पुरानी पुलिया भी लोगों की चिंता का कारण बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुरानी यह पुलिया लगातार भारी वाहनों का दबाव झेल रही है और बारिश के कारण इसके आसपास की स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई है। ग्रामीणों ने पुलिया का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बारिश के मौसम में अधूरी सड़क और कीचड़ के कारण आए दिन यातायात प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।




