
टेकला जंगल में नक्सलियों का हथियार डंप ध्वस्त, तोयामेटा से 24 लाख रुपये नकद बरामद
नारायणपुर। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। वहीं थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार विश्वसनीय सूचना के आधार पर दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग सर्च अभियान चलाए गए। टेकला जंगल-पहाड़ी में सुरक्षा बलों ने तलाशी के दौरान नक्सलियों का हथियार डंप खोज निकाला। बरामद सामग्री में इंसास और एसएलआर रायफल, .303 रायफल, 30-ओसी बंदूक, बीजीएल लॉन्चर, सिंगल शॉट बंदूक, बड़ी संख्या में मैगजीन, सैकड़ों जिंदा कारतूस, डेटोनेटर तथा संचार उपकरण शामिल हैं।
इसी तरह थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई 24 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि यह राशि नक्सली संगठन की गतिविधियों में उपयोग के लिए सुरक्षित रखी गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों बरामदगियां लगातार चलाए जा रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान का परिणाम हैं। सुरक्षा बलों की कार्रवाई से नक्सलियों के हथियार, विस्फोटक सामग्री और आर्थिक संसाधनों को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
नारायणपुर पुलिस ने कहा है कि जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी रहेगा। हथियारों, विस्फोटक सामग्री और अन्य संसाधनों की तलाश के लिए सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत हो सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




