
क्षेत्र व जिले के बच्चे बनेंगे कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर और इंजीनियर : हीना नाग
शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
नारायणपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलगांव में गुरुवार को शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक शाला बेलगांव “अ” एवं “ब” से लेकर कक्षा 11वीं तक के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें अध्ययन सामग्री प्रदान कर विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीना नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को कॉपी और पेन भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। शिक्षा व्यक्ति को ज्ञान, संस्कार और आत्मविश्वास प्रदान करती है तथा उसे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने योग्य बनाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि क्षेत्र और जिले के बच्चे भविष्य में कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य उच्च पदों पर पहुंचकर अपने परिवार एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में जिले की मेरिट सूची के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। श्रीमती हीना नाग ने उन्हें भारत और छत्तीसगढ़ का मानचित्र भेंट कर मेडल पहनाया तथा आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने स्कूली जीवन की यादें साझा करते हुए श्रीमती नाग भावुक भी नजर आईं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं इसी विद्यालय की छात्रा रही हैं और आज जो भी उपलब्धियां हासिल की हैं, उसमें उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्कारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में कार्य करते समय उन्हें अपने गुरुजनों से मिले आदर्शों से निरंतर प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने विद्यालय से 12वीं उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर मार्गदर्शन में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को उच्च पदों पर पहुंचते देखना है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती नाग ने शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे निर्माता होते हैं, जो अपने ज्ञान और समर्पण से विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देते हैं और उन्हें सफलता का मार्ग दिखाते हैं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बेलगांव के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र कश्यप, शिक्षकगण, अभिभावक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




