
फरसगांव-रांधना मार्ग पर 3.05 करोड़ की लागत से बने उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने किया लोकार्पण, ओडिशा से संपर्क और आवागमन होगा सुगम
कोंडागांव। फरसगांव-रांधना मार्ग पर चिचाड़ी नाला के ऊपर निर्मित उच्च स्तरीय पुल का शनिवार को लोकार्पण किया गया। लोक निर्माण विभाग (सेतु) द्वारा लगभग 3 करोड़ 5 लाख 27 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस पुल का लोकार्पण केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत फरसगांव के अध्यक्ष प्रशांत पात्र ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
फरसगांव-रांधना मार्ग के किलोमीटर 3/4 पर स्थित चिचाड़ी नाला पर बने इस उच्च स्तरीय पुल से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बारिश के मौसम में नाला में जलस्तर बढ़ने से आने-जाने में होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिलेगी। पुल निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों तक पहुंच आसान हो जाएगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि यह पुल फरसगांव क्षेत्र को ओडिशा राज्य से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके निर्माण से दोनों राज्यों के बीच आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी, वहीं किसानों और व्यापारियों को भी परिवहन में लाभ मिलेगा। विधायक ने इस विकास कार्य को क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र और स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चिचाड़ी नाला पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। पहले बारिश के दौरान नाला में पानी भर जाने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता था या पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता था। अब पुल निर्माण के बाद वर्षभर निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य लीलावती नेताम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मूलचंद पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रवीर सिंह बदेशा, सीएमओ मयंक बसंतवानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष धनराज पांडे, महामंत्री प्रवीण राव, प्रवीण पांडे, पार्षद संगीता राव, राजकुमारी नेताम, छबीला नेताम, विनोद पांडे, नरेंद्र गौर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गणेश दुग्गा, पूर्व उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल, दीपेंद्र मसीह, रामकुमार कोर्राम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।




