
पति पर पत्नी को अमानवीय प्रताड़ना देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
सूरजपुर। जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडोपारा के काटकोना गांव में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर आए दिन विवाद तथा मारपीट करता था।
महिला ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए पहले मारपीट की, फिर उसके बाल काटकर मुंडन कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि पति ने उसे बच्चों और स्वयं का पेशाब जबरन पिलाया। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला सूरजपुर जिले के करंजी क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पटना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने क्षेत्र में लोगों को झकझोर दिया है और मामले को लेकर विभिन्न वर्गों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




