नारायणपुर, 18 जून 2026// जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा संचालित प्रोजेक्ट धड़कन तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) जिले के बच्चों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। योजना के माध्यम से गंभीर एवं जन्मजात बीमारियों से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड ओरछा के ग्राम कुरूषनार निवासी 5 वर्षीय कु. अनुष्का मंडावी, पिता श्री अर्जुन मंडावी, जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थीं। आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने वाली अनुष्का के पिता किसान हैं, जबकि माता श्रीमती प्रमिला मंडावी गृहिणी हैं। परिवार के लिए महंगे उपचार की व्यवस्था करना संभव नहीं था।
विकासखंड स्तरीय चिरायु दल द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अनुष्का की पहचान की गई। जांच के बाद परिजनों को बालिका की बीमारी और उपलब्ध निःशुल्क उपचार सुविधाओं की जानकारी देकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
चिरायु दल के सदस्य डॉ. सतीश उसेंडी, डॉ. सिलवंती सिंह, फार्मासिस्ट मदन शोरी, लैब टेक्नीशियन दिलीप उसेंडी एवं एएनएम जसमती कचलाम ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।
जिला कलेक्टर नम्रता जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कंवर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हुमेंद्र जुर्री तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राजीव बघेल के मार्गदर्शन में अनुष्का को श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा 12 जून 2026 को बालिका के हृदय रोग का सफल एवं पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के बाद अनुष्का का स्वास्थ्य तेजी से सुधार रहा है और परिवार में खुशी का माहौल है। बालिका के माता-पिता ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा चिरायु दल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनकी बेटी को नया जीवन दिया है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं, ताकि बच्चों में होने वाली गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।