
नारायणपुर। ग्राम भरण्डा में कथित धर्मांतरण और बाहरी व्यक्तियों द्वारा ग्रामीणों को प्रभावित किए जाने के आरोपों को लेकर रविवार को बखरूपारा स्थित गोंडवाना भवन में सर्वसमाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर मामले पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्राम भरण्डा में स्थानीय मूल निवासियों के बीच बाहरी धर्म से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा भोले-भाले ग्रामीणों को प्रभावित करने और उनकी पारंपरिक मान्यताओं से दूर करने का प्रयास किए जाने की शिकायत सामने आई है। इस संबंध में पूर्व में थाना भरण्डा में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग को लेकर पुनः थाना प्रभारी भरण्डा को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही प्रशासन से मांग की गई है कि दो दिनों के भीतर शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सर्वसमाज की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो 20 जून 2026 को नारायणपुर में एक विशाल रैली और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस रैली में जिले के विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने बताया कि नगर के प्रत्येक मोहल्ले से पार्षदों एवं समाज प्रमुखों के माध्यम से लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले से बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सामाजिक सौहार्द, पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और संविधान सम्मत अधिकारों के दायरे में रहकर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सभी समाजों की एकता और शांति बनाए रखते हुए समस्याओं का समाधान लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए।
दण्डकारण्य दर्पण
छत्तीसगढ़ की बुलंद आवाज





