
दण्डकारण्य दर्पण
तालाब घाट की सफाई कर विश्व हिंदू परिषद ने दिया स्वच्छता का संदेश
शराब की टूटी बोतलों और कचरे से श्रद्धालुओं को था खतरा, संगठन ने लोगों से की जिम्मेदारी निभाने की अपील
नारायणपुर।
नारायणपुर नगर के बखरूपारा स्थित बजरंग कला मंदिर के पीछे स्थित तालाब घाट में फैली गंदगी और टूटे कांच के टुकड़ों को हटाकर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर परिसर और तालाब घाट की साफ-सफाई कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि तालाब किनारे कुछ असामाजिक तत्वों और शराब पीने वाले लोगों द्वारा शराब की बोतलें तोड़कर कांच के टुकड़े फैला दिए गए थे। इसके अलावा अन्य प्रकार का कचरा भी तालाब और घाट क्षेत्र में जमा हो रहा था, जिससे वहां स्नान करने, पूजा-अर्चना करने और आने-जाने वाले लोगों को चोट लगने की आशंका बनी हुई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद नारायणपुर के सदस्यों ने सुबह अभियान चलाकर भगवान शिव मंदिर परिसर तथा तालाब घाट की सफाई की। कार्यकर्ताओं ने टूटे कांच, शराब की बोतलों और अन्य कचरे को हटाकर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक परिसरों और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से तालाब किनारे बैठकर शराब सेवन करने तथा बोतलें तोड़कर गंदगी फैलाने वाले लोगों से ऐसा न करने का आग्रह किया।
संगठन ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नारायणपुर का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई और संरक्षण में सहयोग करे। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।




