
दण्डकारण्य दर्पण
मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, कहा जनजातीय समाज और गरीबों के जीवन में आया ऐतिहासिक बदलाव
रायपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुए प्रधानमंत्री मोदी के पहले कार्यकाल में उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में उनके साथ काम करने का अवसर मिला था। आज लगातार तीसरी बार जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास जताया है और देश के 22 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें कार्य कर रही हैं, जो जनता के भरोसे का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब कल्याण को शासन का केंद्र बिंदु बनाया। जनधन योजना के माध्यम से 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है। पहले गंभीर बीमारी की स्थिति में लोगों को कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं और आवास से वंचित लोगों को भी योजना का लाभ देने का कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई है। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक नल से जल पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में शुरू हुए स्वच्छ भारत अभियान का शुरुआत में विरोधियों ने मजाक उड़ाया था, लेकिन आज इसके सकारात्मक परिणाम पूरे देश के सामने हैं। देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और मुद्रा योजना के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है। मुद्रा योजना के तहत 57 करोड़ से अधिक लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल जनजातीय समाज के लिए स्वर्णिम काल साबित हुआ है। देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिली हैं और जनजातीय समुदाय के विकास के लिए अलग मंत्रालय और विशेष योजनाओं के माध्यम से व्यापक कार्य किए गए हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित कई योजनाओं से आदिवासी क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने किसानों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराई गई है। छत्तीसगढ़ में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण का लाभ मिल रहा है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी तीन करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रूफटॉप सोलर योजना के तहत एक करोड़ से अधिक घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, सामाजिक न्याय और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है।




