
बदहाल हुआ ओपन जिम, लाखों की मशीनें बन रहीं कबाड़
रखरखाव के अभाव में वार्डों में फैली गंदगी, लोगों में नाराजगी
कोंडागांव जिले के नगर पंचायत फरसगांव में लोगों की सुविधा और युवाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगाए गए ओपन जिम अब बदहाली का शिकार होते नजर आ रहे हैं। लाखों रुपये की लागत से स्थापित जिम उपकरण देखरेख के अभाव में धीरे-धीरे कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं। कई जगह मशीनें टूट चुकी हैं, जबकि कई उपकरणों में जंग लगने लगी है।
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05, 06 और 07 में लगाए गए ओपन जिम की स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। वार्ड क्रमांक 07 स्थित जिम परिसर में गंदगी, कचरे का अंबार और उगी झाड़ियां साफ तौर पर व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। हालत ऐसी हो चुकी है कि लोग अब इन जिमों का उपयोग करने से बच रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा नियमित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं किए जाने के कारण जिम पूरी तरह उपेक्षित हो गए हैं। कई मशीनें उपयोग के लायक नहीं बची हैं, जिससे बच्चों और युवाओं को चोट लगने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय विकास और सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वार्डवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जिम उपकरणों की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मामले में नगर पंचायत सीएमओ मयंक बसन्तवानी ने कहा कि ओपन जिम उनके पदस्थापना से पहले लगाए गए थे। सोशल मीडिया के माध्यम से जिम परिसर में गंदगी और झाड़ियों की जानकारी मिलने के बाद स्वच्छता टीम को तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि दो से तीन दिनों के भीतर सफाई कार्य पूरा कराया जाएगा और अनुपयोगी पड़े उपकरणों को भी व्यवस्थित किया जाएगा ताकि बच्चे और युवा फिर से इनका उपयोग कर सकें।
अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और बदहाल पड़े ओपन जिम फिर से लोगों के उपयोग लायक बन पाते हैं या नहीं।




