
बीजापुर में डीआरजी जवान ने खुद को मारी गोली, इलाके में सनसनी
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में डीआरजी के एक जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
मृतक जवान की पहचान दिलीप तेलम के रूप में हुई है, जो रक्षित केंद्र में आरक्षक पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात जवान थाना गेट के सामने अपनी बाइक पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर मौजूद अन्य जवान जब वहां पहुंचे तो दिलीप तेलम गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जवान को तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग और जवानों के बीच शोक और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।




