
दंडकारण्य दर्पण
भारत माला प्रोजेक्ट में बड़ा घोटाला, प्रवर्तन निदेशालय की ताबड़तोड़ कार्रवाई
रायपुर में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन कारोबारी गोपाल गांधी सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जानकारी के अनुसार 13 अधिकारियों की टीम अभनपुर स्थित आवास और कार्यालय में पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।
छापेमारी के दौरान टीम द्वारा महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इस मामले में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं, जिनसे जुड़े अहम सुराग इन दस्तावेजों से मिल सकते हैं।
बताया जा रहा है कि रायपुर से विशाखापत्तनम तक प्रस्तावित कॉरिडोर में 500 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप है। इस पूरे मामले में मुआवजा वितरण में भारी गड़बड़ी सामने आई है, जिसमें अधिकारियों और जमीन दलालों की मिलीभगत की बात भी सामने आ रही है।
इससे पहले आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने इस मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की थी, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
दंडकारण्य दर्पण लगातार इस खबर पर नजर बनाए हुए है।




