
विशेषज्ञ शिक्षकों की भर्ती: 55% अंक वाले स्नातक कर सकेंगे आवेदन
नारायणपुर, 24 मार्च 2026
नारायणपुर जिला प्रशासन ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रशासन के अनुसार कुल छह पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 50,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री होना आवश्यक है। साथ ही, अभ्यर्थी ने CGPSC मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में भाग लिया हो। UPSC या PSC की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
भर्ती के लिए हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में पढ़ाने की क्षमता अनिवार्य रखी गई है। इसके अलावा बैंकिंग, वाणिज्य, अर्थशास्त्र और कंप्यूटर का ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी। आयु सीमा 21 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
यह भर्ती छत्तीसगढ़ विशेष, हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी, मानविकी, सामान्य अध्ययन, अंग्रेजी भाषा तथा CSAT एवं विज्ञान जैसे विषयों के लिए की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में स्नातक के शैक्षणिक अंकों को 60 प्रतिशत और वॉक-इन इंटरव्यू में प्रदर्शन को 40 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों को 1:5 के अनुपात में साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। भरे हुए आवेदन पत्र को आवश्यक दस्तावेजों के साथ स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड पोस्ट के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी, नारायणपुर के कार्यालय में भेजना होगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट www.narayanpur.gov.in पर जा सकते हैं।




