header ads
अबूझमाड़खेलछत्तीसगढ़नारायणपुरपर्यावरणबस्तर

अबूझमाड़ में शांति का जश्न मना रहे खिलाड़ी, क्रिकेट प्रतियोगिता में उमड़ा उत्साह; जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने दिया आश्वासन

25 टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, फाइनल में हाई स्कूल कोहकमेटा को 4 रन से हराकर युवा क्लब बना विजेता; विजेता टीम को 15 हजार और उपविजेता को 10 हजार रुपये का पुरस्कार

अबूझमाड़ में क्रिकेट का बढ़ता जुनून, युवा क्लब कोहकमेटा ने जीता ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब

 

25 टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, फाइनल में हाई स्कूल कोहकमेटा को 4 रन से हराकर युवा क्लब बना विजेता; विजेता टीम को 15 हजार और उपविजेता को 10 हजार रुपये का पुरस्कार

 

नारायणपुर। अबूझमाड़ के कोहकमेटा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से युवा क्लब कोहकमेटा के तत्वावधान में पांच दिवसीय ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ग्राम कोहकमेटा के नवनिर्माणाधीन क्रीड़ा मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 25 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शनिवार 14 नवंबर 2026 को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में युवा क्लब कोहकमेटा ने हाई स्कूल कोहकमेटा को 4 रन से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

युवा क्लब कोहकमेटा ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता विजेता
अतिथियों ने किया खिलाड़ियों का सम्मान

फाइनल मुकाबला युवा क्लब कोहकमेटा के कप्तान विजय कोवाची और हाई स्कूल कोहकमेटा के कप्तान विष्णु नाग की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। मुकाबला अंतिम समय तक रोमांचक बना रहा, लेकिन युवा क्लब कोहकमेटा ने चार रन की बढ़त बरकरार रखते हुए जीत हासिल की। प्रतियोगिता में विजेता बनने पर खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

 

विजेता टीम को 15 हजार और उपविजेता को 10 हजार रुपये का पुरस्कार

 

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली युवा क्लब कोहकमेटा की टीम को 15 हजार रुपये नगद राशि के साथ ट्रॉफी और शील्ड प्रदान की गई। वहीं द्वितीय स्थान पर रही हाई स्कूल कोहकमेटा की टीम को 10 हजार रुपये नगद राशि, ट्रॉफी और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

 

फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले पिंचू राम नुरेटी को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं पूरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजय कोवाची को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके अलावा नरेश नुरेटी को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला, जबकि विकेश को बेस्ट फील्डर के रूप में एक हजार रुपये नगद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

 

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

 

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र कुमार बघेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति नेताम, ओरछा जनपद उपाध्यक्ष श्री मंगड़ू नुरेटी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सेवे कुमेटी, भाजपा शहर मंडल महामंत्री श्री बिन्देश पात्र तथा पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री मासिया राम नुरेटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

 

अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल के प्रति समर्पित रहने, नियमित अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।

 

नक्सलवाद के साये से निकलकर खेल और राष्ट्रगान की गूंज से गूंज रहा अबूझमाड़

 

अबूझमाड़ के सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश में आ रहे बदलाव के बीच कोहकमेटा में आयोजित यह क्रिकेट प्रतियोगिता एक सकारात्मक संदेश देती नजर आई। कभी नक्सलवाद के प्रभाव और भय के कारण सीमित गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में अब युवाओं का खेलों के प्रति बढ़ता उत्साह नई उम्मीद जगा रहा है।

 

क्षेत्र में शांति, सामान्य जनजीवन और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही खेल मैदानों में युवाओं की भागीदारी बढ़ना एक महत्वपूर्ण बदलाव है। जहां कभी नक्सली गतिविधियों और उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रभाव देखने को मिलता था, वहीं अब खेल आयोजनों में राष्ट्रगान की धुन गूंजना क्षेत्र में बदलते माहौल और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं का प्रतीक बन रहा है।

 

कोहकमेटा की इस प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि अबूझमाड़ की पहचान केवल दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों या अतीत की चुनौतियों तक सीमित नहीं है। यहां के युवाओं में भी खेल, शिक्षा और विकास के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रबल इच्छाशक्ति है।

 

ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। नवनिर्माणाधीन क्रीड़ा मैदान भी भविष्य में क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। स्थानीय स्तर पर ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन मिलने से अबूझमाड़ के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!