header ads
अबूझमाड़छत्तीसगढ़नारायणपुररायपुरराष्ट्रीयशिक्षा

CG: गरांजी के बुनियादी विद्यालय से पढ़ाई कर छबिलाल नेताम ने नीट में हासिल की सफलता

कृषक परिवार के होनहार बेटे का एमबीबीएस में चयन, कलेक्टर नम्रता जैन ने सम्मानित कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

गरांजी के बुनियादी विद्यालय से पढ़ाई कर छबिलाल नेताम ने नीट में हासिल की सफलता

 

कृषक परिवार के होनहार बेटे का एमबीबीएस में चयन, कलेक्टर नम्रता जैन ने सम्मानित कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

 

नारायणपुर, 18 सितंबर 2026। ग्राम उलेरा, विकासखंड माकड़ी, जिला कोंडागांव निवासी छबिलाल नेताम ने कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर एमबीबीएस में प्रवेश के लिए चयनित होकर परिवार, गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर कलेक्टर नम्रता जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर नम्रता जैन ने छबिलाल नेताम को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और उपहार भेंट किया। उन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

साधारण कृषक परिवार से निकलकर डॉक्टर बनने की राह पर

 

छबिलाल नेताम एक साधारण कृषक परिवार से आते हैं। उनके परिवार में माता पिता, दो भाई और एक बहन हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद छबिलाल ने शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाया और लगातार मेहनत करते हुए चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखा।

 

उन्होंने वर्ष 2023 में शासकीय बालक बुनियादी आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरांजी, नारायणपुर से कक्षा 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी शुरू की।

 

दो प्रयासों में असफलता के बाद भी नहीं मानी हार

 

नीट की तैयारी के दौरान छबिलाल को पहले और दूसरे प्रयास में सफलता नहीं मिली। दोनों ही प्रयासों में वे चयन से महज 3 से 4 अंकों से पीछे रह गए। लगातार दो बार लक्ष्य से चूकने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी तैयारी जारी रखी।

 

उन्होंने अपनी कमियों को समझकर मेहनत को और मजबूत किया। तीसरे प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर एमबीबीएस में प्रवेश के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

 

विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी छबिलाल की सफलता

 

छबिलाल नेताम की सफलता यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, निरंतर मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। दो प्रयासों में मामूली अंतर से चयन से वंचित होने के बाद भी उन्होंने प्रयास जारी रखा और तीसरी कोशिश में सफलता प्राप्त की।

 

उनकी उपलब्धि से उनके माता पिता और परिवार के साथ ही उनके गांव तथा शासकीय बालक बुनियादी आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरांजी का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।

 

विद्यालय परिवार ने दी बधाई

 

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्रनाथ पांडे, विद्यालय के प्राचार्य हुमन लाल साहू सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने छबिलाल नेताम की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

दंडकारण्य दर्पण

सच के साथ, समाज के साथ

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!