header ads
कला और संस्कृतिखेलछत्तीसगढ़नारायणपुरबस्तररायपुरराष्ट्रीयशिक्षा

CG: रोमांचक फाइनल में कुतुल नाइट राइडर्स ने जीता अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का खिताब

पांच-पांच अंक की बराबरी के बाद निर्णायक मुकाबले में मिली जीत, हांडावाड़ा रैकेटियर्स बनी उपविजेता

 

नारायणपुर। अबूझमाड़ में खेल, एकता और सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिख रही अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का 12 सितंबर को आरकेएम इंडोर स्टेडियम, रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और रोमांचक मुकाबलों ने खेलप्रेमियों का उत्साह बनाए रखा।

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानंद मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी, टीम मालिक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी समारोह में शामिल हुए।

 

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अबूझमाड़ में खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ आपसी विश्वास, भाईचारे और टीम भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

फाइनल में बराबरी के बाद निर्णायक मुकाबले ने बदला परिणाम

 

सीजन-3 का फाइनल मुकाबला कुतुल नाइट राइडर्स और हांडावाड़ा रैकेटियर्स के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबला बेहद कड़ा रहा।

 

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार फाइनल में छह अलग-अलग श्रेणियों के छह मुकाबलों के आधार पर विजेता का फैसला होना था। सभी मुकाबले पूरे होने के बाद दोनों टीमों के पांच-पांच अंक हो गए और फाइनल बराबरी पर पहुंच गया।

 

इसके बाद निर्धारित नियम के तहत दोनों टीमों के दो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच निर्णायक मुकाबला कराया गया। इस मुकाबले में कुतुल नाइट राइडर्स ने बाजी मारते हुए सीजन-3 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। हांडावाड़ा रैकेटियर्स को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।

 

कुतुल नाइट राइडर्स बनी चैंपियन

 

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 में कुतुल नाइट राइडर्स ने विजेता का खिताब हासिल किया। टीम के ओनर अभिजीत शिल और डॉ. नवीन कोठारे रहे।

 

हांडावाड़ा रैकेटियर्स प्रथम उपविजेता रही। टीम के ओनर पवन सुराना और सतीश अग्रवाल हैं। वहीं गरपा जायंट्स ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया, जिसके ओनर लय जैन हैं।

 

छह खिलाड़ियों ने छोड़ी अपनी खास छाप

 

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले छह खिलाड़ियों को उनकी टीमों की ओर से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के रूप में चुना गया।

 

हांडावाड़ा रैकेटियर्स के आयुष माखीजा रायपुर, फरसबेड़ा डिफेंडर्स के श्रेयांश सिन्हा नारायणपुर, तूलार टाइटन्स के कौशलेन्द्र सुकमा, गरपा जायंट्स के आर्यन सिंह बिलासपुर, कुतुल नाइट राइडर्स के अंकुर पांडेय जगदलपुर तथा कछपाल ब्लास्टर्स के मानस भट्टाचार्य बिलासपुर को इस सम्मान के लिए चुना गया।

 

वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता में अधिकारियों ने भी संभाला कोर्ट

 

आयोजन के तीसरे दिन वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता ने भी आकर्षण बढ़ाया। इसमें निरीक्षक से लेकर पुलिस महानिरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

 

पुलिस और विभिन्न सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की आठ टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। अधिकारियों ने कोर्ट पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने के साथ खेल भावना, आपसी सौहार्द, समन्वय और टीम भावना की मिसाल पेश की।

 

प्रतियोगिता में बीएन मीणा, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज और निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर की टीम, संदीप पटेल, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर और सुमित धोत्रे, सीएसपी जगदलपुर की टीम, कमलोचन कश्यप, डीआईजी और वीरेंद्र चंद्र, निरीक्षक की टीम, अक्षय साबद्रा और वेंकटेश एमजी, डीएफओ नारायणपुर की टीम, अजय कुमार और मोहसिन खान की टीम, अरुण, कमांडेंट 28वीं बटालियन एसएसबी और सुमित हरित, डिप्टी कमांडेंट 33वीं बटालियन एसएसबी की टीम, राजीव गुप्ता, कमांडेंट 45वीं बटालियन आईटीबीपी और कपिल, असिस्टेंट कमांडेंट की टीम तथा पारिश देशमुख, डीआईजी बीएसएफ और अनिल कुमार, 129वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी की टीम शामिल रही।

 

डीआईजी बीएसएफ की टीम ने जीता वीर स्मृति का खिताब

 

वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता में पारिश देशमुख, डीआईजी बीएसएफ और अनिल कुमार, 129वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

 

वहीं कमलोचन कश्यप, डीआईजी और वीरेंद्र चंद्र, निरीक्षक की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।

 

एक ही कोर्ट पर पुलिस और विभिन्न सुरक्षा बलों के अधिकारियों की मौजूदगी ने बेहतर समन्वय, आपसी सौहार्द और टीम भावना का संदेश भी दिया।

 

खेल के मैदान से अबूझमाड़ में विश्वास की नई तस्वीर

 

समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कहा कि शांति, खेल और समृद्धि की भावना के साथ आयोजित अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग ने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच दिया है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक सोच, अनुशासन, सहयोग और टीम भावना मजबूत होती है।

 

उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और बेहतर मंच देने की है, ताकि उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

 

तीन दिनों तक चले अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का समापन खेल, उत्साह और सौहार्द के वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने अबूझमाड़ से खेल के माध्यम से विश्वास और विश्वास के माध्यम से सकारात्मक बदलाव का संदेश पूरे क्षेत्र तक पहुंचाया।

 

दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!