
नारायणपुर, 12 सितंबर 2026। नारायणपुर जिले में खनिज संपदा के दोहन के बीच स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी ने बेरोजगार युवाओं के साथ आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग के नेतृत्व में जल्द ही छोटेडोंगर से नारायणपुर तक पदयात्रा निकाली जाएगी।
पदयात्रा के माध्यम से सरकार और खनन कंपनियों के सामने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग उठाई जाएगी। पार्टी का कहना है कि जिस क्षेत्र की जमीन, जंगल और प्राकृतिक संसाधनों से खनिज निकाला जा रहा है, वहां के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलना उनका अधिकार है।
खनिज संपदा वाले क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार की मांग
नरेन्द्र नाग ने कहा कि नारायणपुर जिले से बड़ी मात्रा में खनिज संपदा निकल रही है, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। रोजगार के अभाव में युवाओं को दूसरे शहरों और राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रावघाट माइंस सहित जिले के अन्य खनन क्षेत्रों में स्थानीय ब्लॉक और जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसके साथ ही युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सरकार से रोजगार को लेकर सीधे सवाल
आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाया है कि जब नारायणपुर की धरती से करोड़ों रुपये की खनिज संपदा निकाली जा रही है, तो स्थानीय युवाओं के घर तक रोजगार के अवसर क्यों नहीं पहुंच रहे हैं। खनन गतिविधियों से प्रभावित गांवों और परिवारों के युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता क्यों नहीं दी जा रही है।
पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर नारायणपुर के युवाओं को रोजगार के लिए कब तक पलायन करना पड़ेगा।
पदयात्रा को बताया युवाओं के अधिकार की आवाज
नरेन्द्र नाग ने कहा कि छोटेडोंगर से नारायणपुर तक प्रस्तावित पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के रोजगार और खनिज प्रभावित लोगों के अधिकारों की आवाज है। उन्होंने जिले के बेरोजगार युवाओं, ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से पदयात्रा में शामिल होकर रोजगार के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।




