header ads
अधिकारछत्तीसगढ़नारायणपुररोजगारशिक्षा

CG: नेपाल के काठमांडू में नारायणपुर के युवा पत्रकार डॉ. अभिषेक बेनर्जी को मिला अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान–2026

नेपाल सरकार के मंत्री सुरेश श्रेष्ठ ने किया सम्मानित, बस्तर की पत्रकारिता को मिली वैश्विक पहचान

नेपाल के काठमांडू में नारायणपुर के युवा पत्रकार डॉ. अभिषेक बेनर्जी को मिला अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान–2026

 

नेपाल सरकार के मंत्री सुरेश श्रेष्ठ ने किया सम्मानित, बस्तर की पत्रकारिता को मिली वैश्विक पहचान

 

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के वरिष्ठ युवा पत्रकार डॉ. अभिषेक बेनर्जी को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय समारोह में “अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेपाल सरकार के बागमती प्रदेश के उद्योग, पर्यटन, श्रम तथा यातायात मंत्री सुरेश श्रेष्ठ ने उन्हें प्रदान किया। इस उपलब्धि को बस्तर और छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।

यह सम्मान डॉ. अभिषेक बेनर्जी को भारत और नेपाल के बीच पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। समारोह में भारत और नेपाल के पत्रकारों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यटन एवं होटल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की मौजूदगी रही।

 

सम्मान ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में डॉ. अभिषेक बेनर्जी ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसारण नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण नैतिक दायित्व है। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहित आधारित पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

 

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों से पत्रकारों ने भाग लिया। नारायणपुर जिले से डॉ. अभिषेक बेनर्जी के साथ पत्रकार प्रतिनिधिमंडल में सूरज सरकार, मुकेश सिंह और अनुज जोशी भी शामिल रहे। सभी ने कार्यक्रम में भाग लेकर नारायणपुर और बस्तर की पत्रकारिता का प्रतिनिधित्व किया तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर क्षेत्र की सकारात्मक पहचान स्थापित की।

 

डॉ. अभिषेक बेनर्जी लंबे समय से बस्तर संभाग, विशेषकर नारायणपुर और अबूझमाड़ क्षेत्र के जनसरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाते रहे हैं। आदिवासी समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास, संस्कृति और सामाजिक मुद्दों पर उनकी निरंतर रिपोर्टिंग ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य हमेशा दूरस्थ क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं और उपलब्धियों को देश-दुनिया तक पहुंचाना रहा है।

 

डॉ. बेनर्जी की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप सहित जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने इसे बस्तर की पत्रकारिता के लिए सम्मान और नई प्रेरणा बताया।

 

डॉ. अभिषेक बेनर्जी वर्तमान में राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्रों के जिला प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं तथा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के संभागीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इससे पहले उन्हें मानद डॉक्टरेट, यूनिसेफ का मीडिया फॉर चिल्ड्रेन अवार्ड, गणेश शंकर विद्यार्थी अलंकरण सहित अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। अब नेपाल सरकार के बागमती प्रदेश द्वारा प्रदान किया गया “अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान–2026” उनके सम्मान और उपलब्धियों की सूची में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जुड़ गया है।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!