
कन्या आश्रम शाला बेनूर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, छात्राओं को कानून और सुरक्षा की दी गई जानकारी
नारायणपुर, 1 अगस्त 2026। कन्या आश्रम शाला बेनूर में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और विभिन्न सुरक्षा संबंधी कानूनों के प्रति जागरूक करना था।
यह कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का संचालन जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति नारायणपुर श्री जितेन्द्र कुमार ठाकुर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती बरखा रानी वर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव की सचिव सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में अधिकार मित्र फुलेश्वरी सलाम ने छात्राओं को विधिक अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए गुड टच और बैड टच, बाल विवाह निषेध, पॉक्सो अधिनियम तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहने, साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा स्वस्थ और सुरक्षित जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी साझा की गई। छात्राओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में कन्या आश्रम शाला बेनूर की अधीक्षिका श्रीमती पूर्णिमा शर्मा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।




