
पीएम मोदी से मिले सीएम विष्णु देव साय, बस्तर विजन और विकास परियोजनाओं पर हुई अहम चर्चा
दंडकारण्य दर्पण
रायपुर, 31 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, बस्तर के कायाकल्प और राज्य की प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के समक्ष ‘बस्तर विजन’ का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में ₹10,500 करोड़ की गैस आधारित यूरिया परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने, बस्तर सहित 461 गांवों को स्थायी विद्युत ग्रिड से जोड़ने तथा रायपुर या बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (AIIA) की स्थापना का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास की नीति के चलते बस्तर तेजी से बदल रहा है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने’ अभियान के माध्यम से 5,542 गांवों के लगभग 39 लाख लोगों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 421 बंद स्कूल दोबारा शुरू किए गए हैं, जबकि ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने की तैयारी चल रही है। वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जगदलपुर-रावघाट रेललाइन, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे, इंद्रावती बैराज परियोजना, हवाई सेवाओं के विस्तार और पर्यटन विकास के जरिए बस्तर को नई पहचान दी जा रही है। बस्तर दशहरा को वैश्विक पर्यटन ब्रांड बनाने की दिशा में भी राज्य सरकार कार्य कर रही है।
बैठक में औद्योगिक विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के बाद प्रदेश को लगभग ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। राज्य में एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य आधुनिक उद्योगों में निवेश बढ़ रहा है।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 10.42 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं तथा अगले चरण में 14 लाख और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने वर्ष 2027 में रायपुर में प्रस्तावित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में विकास की गति तेज हुई है। राज्य सरकार का लक्ष्य बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को शांति, समृद्धि, निवेश और सुशासन का नया मॉडल बनाना है।




