
नारायणपुर।
नारायणपुर पुलिस ने अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 गोवंश के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। धौड़ाई थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गोवंश परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता और अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 जुलाई 2026 को सूचना मिलने पर धौड़ाई थाना पुलिस ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी कांकेर जिले के ग्राम बोरोंडी से गोवंश खरीदकर बिना वैध दस्तावेज और निर्धारित नियमों का पालन किए बाजार में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 45 गोवंश और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया।
मामले में थाना धौड़ाई में अपराध क्रमांक 04/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामू राम सलाम (57 वर्ष), रूपजी सलाम (42 वर्ष), सुकुराम कोर्राम (41 वर्ष) और आसमन नेताम (26 वर्ष) शामिल हैं। चारों आरोपी ग्राम सुलेंगा, थाना धौड़ाई, जिला नारायणपुर के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 24 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि नारायणपुर पुलिस अवैध गोवंश परिवहन, पशु क्रूरता और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।




