header ads
कला और संस्कृतिछत्तीसगढ़रायपुरस्वास्थ्य

CG: अमलीपदर की रथयात्रा आस्था और संस्कृति की अमूल्य धरोहर, महतारी वंदन से महिलाओं का बढ़ा आत्मविश्वास: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

अमलीपदर की रथयात्रा आस्था और संस्कृति की अमूल्य धरोहर, महतारी वंदन से महिलाओं का बढ़ा आत्मविश्वास: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 

गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि गरियाबंद जिले के अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और आस्था का जीवंत प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ का संदेश सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने रथयात्रा महापर्व में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। शासन की प्राथमिकता है कि हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

 

सितंबर तक बढ़ी बिजली बिल समाधान योजना

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो जून तक निर्धारित थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए तीन महीने बढ़ाकर सितंबर तक कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों को राहत देने के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।

 

महतारी वंदन योजना से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्त होना विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है।

 

जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने इसे सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

 

बाल्टीजोर नाले पर बनेगा पुल

 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार करते हुए बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन संभव होगा तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

 

नक्सलवाद के खिलाफ अभियान जारी

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। राज्य सरकार और सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है और प्रदेश तेजी से नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

 

बच्चों से किया आत्मीय संवाद

 

रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय की गतिविधियों पर चर्चा की तथा उनके साथ आत्मीयता से सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना।

 

रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत और जयघोषों से पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!