
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत मिली है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन के तापमान में हल्की कमी महसूस की गई। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यहां मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहा।
सुकमा में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और रायपुर में 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कवर्धा में 37.3 डिग्री तथा बेमेतरा में 38 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर में पारा 36.7 डिग्री तक पहुंचा, जबकि जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री दर्ज किया गया। रायगढ़ में 33.5 डिग्री और सरगुजा में 34.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है, लेकिन अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी फिर से तेज हो सकती है।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तापमान के उतार-चढ़ाव पर लगातार नजर रखी जा रही है।




