
दंडकारण्य दर्पण | विशेष रिपोर्ट
गुमशुदगी से हत्या तक: अंगूठी और नकदी के लालच में उतारा मौत के घाट, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
कोण्डागांव। जिले में एक साधारण गुमशुदगी का मामला अचानक सनसनीखेज हत्या में तब्दील हो गया। कोण्डागांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासनगर निवासी महेश चौहान ने अपने भाई सुरेश चौहान के लापता होने की रिपोर्ट थाना कोण्डागांव में दर्ज कराई थी। बताया गया कि सुरेश 11 अप्रैल की रात से घर नहीं लौटा था, जबकि उसकी स्कूटी संदिग्ध अवस्था में मिली थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर सुरेश देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने हत्या की वारदात को कबूल कर लिया।
आरोपी ने खुलासा किया कि उसने मृतक को अपने घर बुलाया और सोने की अंगूठी व नकदी के लालच में लोहे के खलबट्टा के मूसल से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसने शव को स्कूटी में ले जाकर नई मिट्टी के ढेर में दफना दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया, जिसकी पहचान परिजनों ने सुरेश चौहान के रूप में की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 सोने की अंगूठियां, 1000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी सुरेश देवांगन (38 वर्ष) निवासी मरारपारा, कोण्डागांव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।तेजी से कार्रवाई करते हुए कोण्डागांव पुलिस ने एक गंभीर अपराध का खुलासा कर यह साबित कर दिया कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और अपराधी ज्यादा देर तक बच नहीं सकते।




