CG News: आंधी-तूफान का कहर कोनगुड़ पोलपापारा में आकाशीय बिजली गिरने से 5 मवेशियों की मौत, किसानों को भारी नुकसान
गरीब परिवारों का शासन प्रशासन से सहायता की उम्मीद

दंडकारण्य दर्पण
आंधी-तूफान का कहर: कोनगुड़ पोलपा पारा में आकाशीय बिजली गिरने से 5 मवेशियों की मौत, किसानों को भारी नुकसान
कोंडागांव। धनेंद्र निषाद
जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोनगुड़ पोलपा पारा में शनिवार शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी-तूफान और झमाझम बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 5 पालतू मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत मवेशी गांव के तीन अलग-अलग किसानों के थे, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में शोक और चिंता का माहौल है।
आंधी-तूफान का असर सिर्फ मवेशियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कई ग्रामीणों के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। तेज हवाओं के कारण कुछ घरों की छतें उखड़ गईं और दीवारों को भी क्षति पहुंची, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि मौसम अचानक बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई, जिसने यह बड़ा नुकसान कर दिया। आसपास के क्षेत्रों से भी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वे कराया जाए और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें। साथ ही राहत कार्य जल्द शुरू करने की भी अपील की गई है।





