
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर | 02 अप्रैल 2026
अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों से बढ़ी प्रशासनिक पहुंच, ओरछा में 193 और गारपा में 82 आवेदन प्राप्त
कलेक्टर ने सभी आवेदनों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
नारायणपुर। कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु अप्रैल माह में विभिन्न स्थानों पर जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 1 अप्रैल को ओरछा तथा 2 अप्रैल को गारपा में शिविर आयोजित किए गए, जहां विभिन्न विभागों से संबंधित ओरछा में 193 और गारपा में 82 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
ओरछा में आयोजित शिविर में भूमि मरम्मत के 36, सोलर प्लेट लगाने हेतु 27, डबरी निर्माण के 27, प्रधानमंत्री आवास के 21 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा कृषि कार्य हेतु बोर खनन के 15, सड़क निर्माण के 10, जाति प्रमाण पत्र के 9, आंगनबाड़ी भवन निर्माण के 8 तथा हैंडपंप-बोर खनन और निवास प्रमाण पत्र के 7-7 आवेदन सहित कुल 193 आवेदन प्राप्त हुए।
वहीं गारपा में आयोजित शिविर में आधार कार्ड के 12, राशन कार्ड के 6, जाति प्रमाण पत्र के 9, निवास प्रमाण पत्र के 1, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित 35 तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 10 आवेदन सहित कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविरों में जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं तथा लंबित आवेदनों को शीघ्र हल करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित हो रहे हैं। निर्धारित तिथियों के अनुसार 04 अप्रैल को कौशलनार, 06 को दण्डवन, 08 को कस्तूरमेटा, 10 को कुतुल, 14 को एड़का, 18 को कोहकामेटा, 20 को आकाबेड़ा, 22 को छिनारी, 25 को बेनूर, 27 को रेमावंड तथा 30 अप्रैल को छोटेडोंगर में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।




