header ads
छत्तीसगढ़नारायणपुरराजनीतिरायपुरराष्ट्रीयरोजगारस्वास्थ्य

CG News: नारायणपुर को 11.31 करोड़ की सौगात: डबल इंजन सरकार के प्रयासों से शहर में सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य को मिली मंजूरी

नारायणपुर को 11.31 करोड़ की सौगात: डबल इंजन सरकार के प्रयासों से शहर में सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य को मिली मंजूरी

 

“डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से तेज़ी से संवर रहा नारायणपुर” – केदार कश्यप

नारायणपुर। जिले में विकास को नई गति देते हुए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण सौगात दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-130D (कोंडागांव–नारायणपुर–कुतुल मार्ग) के अंतर्गत गढ़बेंगाल चौक से मानसरोवर बखरूपारा तक लगभग 2 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 11.31 करोड़ रुपये की प्रशासनिक, तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह कार्य वार्षिक योजना 2025-26 के तहत शहर क्षेत्र में किलोमीटर 45.200 से 47.200 तक किया जाएगा।

 

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार सड़क को आधुनिक तकनीकी मानकों के अनुरूप मजबूत, टिकाऊ और सुरक्षित बनाया जाएगा। इससे शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी, साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

 

ज्ञात हो कि 7 जनवरी 2026 को नारायणपुर विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस मार्ग की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था और इसके शीघ्र सुदृढ़ीकरण की मांग की थी। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली है, जिसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आधारभूत संरचना को मजबूती मिल रही है, वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में नारायणपुर जैसे अंचलों में भी सड़क, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

 

इस संबंध में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार के संयुक्त प्रयासों से बस्तर अंचल सहित नारायणपुर में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के सुदृढ़ीकरण से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि कोंडागांव–नारायणपुर–कुतुल मार्ग पर आवागमन करने वाले हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

 

योजना के अनुसार वर्ष 2025-26 में कार्य प्रारंभ किया जाएगा और 2026-27 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के पूर्ण होने से व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

 

क्षेत्रवासियों ने इस स्वीकृति पर खुशी जाहिर करते हुए इसे नारायणपुर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!