
दंडकारण्य दर्पण
बस्तर | 24-03-2026
बस्तर में नक्सल नेतृत्व पर अंतिम प्रहार, सीनियर कमांडर पापा राव आज कर सकता है सरेंडर
17 साथियों के साथ आत्मसमर्पण की तैयारी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
नक्सलवाद के खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई के बीच बस्तर से बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है। लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर रहा मोस्ट वांटेड सीनियर नक्सली कमांडर पापा राव आज आत्मसमर्पण कर सकता है।
सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ घंटों में उसके बीजापुर पहुंचने की संभावना है, जहां वह अपने 17 साथियों के साथ सरेंडर करेगा। बताया जा रहा है कि वह अत्याधुनिक हथियारों, जिसमें एके-47 भी शामिल है, के साथ आत्मसमर्पण करेगा। इसके बाद उसे जगदलपुर ले जाया जाएगा, जहां बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज के समक्ष औपचारिक प्रक्रिया पूरी होगी।
सुरक्षा एजेंसियों ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। पापा राव को लेने के लिए पुलिस बल की टीम इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र के एक गोपनीय ठिकाने के लिए पहले ही रवाना हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, लंबे समय से चल रही बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है।
करीब 25 लाख रुपये का इनामी पापा राव नक्सली संगठन का एक बड़ा और प्रभावशाली चेहरा रहा है। वह वेस्ट बस्तर डिवीजन का सचिव और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य रह चुका है। बस्तर में कई बड़े हमलों की साजिश और क्रियान्वयन में उसकी अहम भूमिका रही है। कुटरू-बेदरे मार्ग पर हुए आईईडी ब्लास्ट, जिसमें आठ जवान शहीद हुए थे, उसका मास्टरमाइंड भी उसे ही माना जाता है।
पापा राव पीएलजीए का प्रमुख रणनीतिक कमांडर रहा है, जो संगठन के ऑपरेशनल और रणनीतिक फैसलों में सीधे तौर पर शामिल रहा। उसके आत्मसमर्पण को नक्सलवाद के ढांचे पर सीधा और गहरा प्रहार माना जा रहा है।
यदि यह सरेंडर होता है, तो यह बस्तर में नक्सली नेटवर्क के लिए सबसे बड़ा झटका साबित होगा। पहले ही कई शीर्ष नक्सली नेता मारे जा चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं, ऐसे में पापा राव को बचे हुए अंतिम बड़े सक्रिय कमांडरों में गिना जा रहा था।





