
दंडकारण्य दर्पण
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग का वर्ष 2026-27 का बजट पारित
स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा, छात्र स्टार्टअप नीति के लिए 5 करोड़ का प्रावधान
रायपुर | 16 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र फरवरी–मार्च 2026 में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने विभाग का बजट प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य के आर्थिक विकास के लिए कृषि, उद्योग, शिक्षा, सेवाएं और प्रौद्योगिकी प्रमुख क्षेत्र हैं और इनके विकास के लिए कुशल तकनीकी मानव संसाधन का निर्माण आवश्यक है।
🔹 तकनीकी शिक्षा के विस्तार पर जोर
मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 33 जिलों में तकनीकी शिक्षा का लगातार विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 4 छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, 2 शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, 1 सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी रायपुर, 20 निजी इंजीनियरिंग कॉलेज तथा 35 शासकीय पॉलीटेक्निक संस्थान संचालित हैं।
तकनीकी शिक्षा विभाग का बजट 2018 में 265.49 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर 2026-27 में 372.35 करोड़ रुपये हो गया है।
प्रदेश में विश्वस्तरीय तकनीकी मानव संसाधन तैयार करने के लिए रायगढ़, जगदलपुर, कबीरधाम, जशपुर, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की स्थापना के लिए 12.02 करोड़ रुपये तथा मशीन और उपकरणों के लिए 98 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
विद्यार्थियों के लिए योजनाएं और नवाचार
राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के लिए कई नई योजनाएं शुरू की गई हैं।
▪ मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के लिए 5 करोड़ रुपये
▪ छात्र स्टार्टअप एवं नवाचार नीति के लिए 5 करोड़ रुपये
▪ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर के लिए 30 करोड़ रुपये
इन योजनाओं से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा और नवाचार में मदद मिलेगी।
आईटीआई और रोजगार अवसरों का विस्तार
प्रदेश में वर्तमान में 201 शासकीय और 113 निजी आईटीआई संचालित हैं, जिनमें लगभग 61 हजार प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जगरगुंडा (सुकमा) और ओरछा (नारायणपुर) में नए आईटीआई स्थापित किए जाएंगे।
▪ 145 शासकीय आईटीआई में आधुनिक मशीन और उपकरणों के लिए 25 करोड़ रुपये
▪ 35 आईटीआई में भवन निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए 25 करोड़ रुपये
इसके अलावा आईटीआई में इलेक्ट्रिक व्हीकल, सोलर टेक्नीशियन और ड्रोन टेक्नीशियन जैसे आधुनिक कोर्स शुरू किए जा रहे हैं।
कौशल विकास को मिलेगा नया प्रोत्साहन
राज्य में कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के लिए 38 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
▪ मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत अब तक 4.91 लाख युवाओं को प्रशिक्षण
▪ इनमें से 2.72 लाख युवाओं को रोजगार मिल चुका है
वहीं लाईवलीहुड कॉलेज योजना के लिए 33 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नवा रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का लाईवलीहुड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किया जाएगा।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा, आधुनिक कौशल और रोजगार के अवसर मिलेंगे।




