कांकेर/कोयलीबेड़ा। दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्रों के ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए 10 अक्टूबर को ग्राम पंचायत परतापुर में जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों के आवेदन और जरूरी दस्तावेज संबंधी कार्य मौके पर किए जाएंगे।
शिविर में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, आधार-पैन कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के साथ व्हीलचेयर, बैसाखी सहित आवश्यक सहायक उपकरणों के वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 16 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच की जाएगी। जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए जाएंगे। गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलीबेड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के सीईओ उदय प्रकाश नाग द्वारा शिविर की तैयारियों और व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाएं।

