बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, कोंडागांव से युवक और महिला गिरफ्तार
लाइब्रेरी से घर लौटते समय सिंचाई कॉलोनी में हुआ हमला, आरोपी वारदात के बाद तांदुला बांध की ओर भागा, महिंद्रा बस से निकलते समय कोंडागांव पुलिस ने पकड़ा
संवाददाता – धनेन्द्र निषाद
बालोद। बालोद जिला मुख्यालय में 22 वर्षीय युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को कोंडागांव से पकड़ा है। पकड़े गए लोगों में करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम और एक महिला शामिल बताई जा रही है। दोनों को बालोद पुलिस की सूचना पर कोंडागांव पुलिस ने महिंद्रा बस से पकड़ा। इसके बाद बालोद पुलिस की टीम कोंडागांव पहुंची और आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ के लिए बालोद लाने की कार्रवाई की गई।

5 अक्टूबर की दोपहर लाइब्रेरी से लौट रही थी युवती
जानकारी के अनुसार 5 अक्टूबर 2026 को 22 वर्षीय युवती आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। युवती एमए की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
बताया गया है कि दोपहर करीब 12:30 बजे वह आमापारा क्षेत्र से होकर सिंचाई कॉलोनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए हमले से युवती बुरी तरह झुलस गई और दर्द से चीखने लगी।
चेहरे, आंख और शरीर के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोट
एसिड हमले में युवती के चेहरे, आंख के आसपास और शरीर के दाहिने हिस्से में गंभीर जलने की चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद की और उसे बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज रायपुर में चल रहा है।
वारदात के बाद तांदुला बांध की ओर भागा आरोपी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपी के भागने की दिशा के संबंध में सुराग मिला। रिपोर्टों के अनुसार आरोपी पैदल तांदुला बांध की ओर जाने वाले जंगल क्षेत्र की तरफ भागा था।
इसके बाद बालोद पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों और पड़ोसी जिलों की पुलिस को संदिग्ध के संबंध में जानकारी दी। इसी सूचना के आधार पर कोंडागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को बस से पकड़ लिया।
महिंद्रा बस में सफर कर रहे थे आरोपी
कोंडागांव पुलिस के इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के अनुसार बालोद पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्ध युवक और महिला को महिंद्रा बस से पकड़ा गया। पकड़े गए युवक की पहचान करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम के रूप में बताई गई है।
बालोद पुलिस को गिरफ्तारी की सूचना तत्काल दी गई। इसके बाद बालोद पुलिस की टीम कोंडागांव पहुंची और दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए अपने कब्जे में लिया।
महिला की भूमिका और हमले की वजह अब भी जांच का विषय
मामले में महिला की भूमिका क्या थी और वह आरोपी युवक के साथ क्यों जा रही थी, इसकी आधिकारिक जानकारी पुलिस की पूछताछ के बाद सामने आएगी। इसी तरह हमले के पीछे वास्तविक कारण क्या था और किस प्रकार के रसायन का इस्तेमाल किया गया, इसका भी पुलिस स्तर पर खुलासा होना बाकी है।
इसलिए फिलहाल हमले की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
आज पुलिस कर सकती है पूरे मामले का खुलासा
एसिड अटैक की इस घटना ने बालोद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और जांच शुरू की गई थी। अब दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस से मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
बालोद पुलिस द्वारा पत्रकार वार्ता में हमले की वजह, आरोपियों की भूमिका, घटना से पहले और बाद की गतिविधियों तथा जांच में सामने आए अन्य तथ्यों की जानकारी दी जा सकती है।
दंडकारण्य दर्पण की अपील: मामले की जांच पूरी होने तक आरोपियों को लेकर किसी भी तथ्य को अंतिम सत्य मानने से बचना चाहिए। पुलिस की आधिकारिक जानकारी और जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।



