International: सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल छत्तीसगढ़ में लगाएगी ₹41,750 करोड़, बनेगा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस
SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ के FDI निवेश की प्रतिबद्धताएं, 100 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर से डिजिटल सेक्टर को मिलेगी नई रफ्तार
सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल छत्तीसगढ़ में लगाएगी ₹41,750 करोड़, बनेगा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस
SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ के FDI निवेश की प्रतिबद्धताएं, 100 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर से डिजिटल सेक्टर को मिलेगी नई रफ्तार
रायपुर, 5 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ ने वैश्विक निवेश के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ यानी SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी FDI की प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुई हैं। इसमें सबसे बड़ा प्रस्ताव सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड का है, जो छत्तीसगढ़ में ₹41,750 करोड़ के निवेश से 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर में आयोजित इस महत्वपूर्ण फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर राज्य ने SING फोरम 2026 में भागीदारी की।
100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े एआई-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करने वाली कंपनी है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।
फोरम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कंपनी को इन्विटेशन टू इन्वेस्ट सौंपा। प्रस्तावित परियोजना छत्तीसगढ़ को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में देश के प्रमुख उभरते केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मध्य भारत का सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर विकसित करने की तैयारी
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने इसे दीर्घकालिक साझेदारी की शुरुआत बताते हुए कहा कि कंपनी मध्य भारत में सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
कंपनी राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने के साथ स्थानीय इंजीनियरों को डेटा सेंटर संचालन के लिए प्रशिक्षित करने की दिशा में भी काम करेगी।
पहले से मौजूद एआई डेटा सेंटर पार्क को मिलेगी नई मजबूती
छत्तीसगढ़ में पहले से भारत का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। अब प्रस्तावित ₹41,750 करोड़ का निवेश राज्य के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है। दोनों परियोजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ में डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल सेवाओं से जुड़े नए अवसर विकसित होने की संभावना है।
सोलर और बैटरी स्टोरेज सेक्टर में भी ₹1,500 करोड़ का प्रस्ताव
SING फोरम के दौरान छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भी ₹1,500 करोड़ के FDI निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह निवेश सोलर ऊर्जा के साथ बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के क्षेत्र में प्रस्तावित है।
इससे राज्य में स्वच्छ ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री बोले, निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ पर बढ़ते भरोसे का प्रमाण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिंगापुर से मिली ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और प्रदेश के लोगों के प्रति वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे तथा छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
450 से अधिक सुधारों का मुख्यमंत्री ने किया उल्लेख
SING फोरम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ आयोजित फायरसाइड चैट में भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस कार्यक्रम का संचालन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बंद कमरों में बैठकर सुधार तय नहीं करती, बल्कि उद्योग जगत से सीधे उनकी समस्याएं पूछकर व्यवस्थाओं में बदलाव करती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और यह रिफॉर्म एक्सप्रेस आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकार के संयोजन के कारण छत्तीसगढ़ को पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
सिंगापुर सरकार और वैश्विक कंपनियों की रही भागीदारी
SING फोरम 2026 में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनकी मौजूदगी ने भारत के राज्यों के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में सिंगापुर की रुचि को रेखांकित किया।
मास्टरकार्ड, आईएचसीएल यानी ताज होटल्स और नेस्ले सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी फोरम को संबोधित किया।
जल प्रबंधन और खाद्य प्रसंस्करण पर भी हुई चर्चा
फोरम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।
एक्वाटेक के साथ चर्चा में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना पर विचार-विमर्श हुआ। वहीं एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण के व्यापक अवसरों पर चर्चा की गई।
6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में निवेश की संभावनाओं पर होगी चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 6 अक्टूबर 2026 को सिंगापुर में आयोजित CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे। इसमें सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात होगी।
SING फोरम से मिली निवेश प्रतिबद्धताओं के बाद अब मुख्यमंत्री की आगामी बैठकें छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने और वैश्विक कंपनियों के साथ राज्य की साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
दंडकारण्य दर्पण | सच के साथ, समाज के साथ



