
राहुल गांधी, खड़गे और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में नारायणपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन
नारायणपुर। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को नारायणपुर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने तहसील कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास का घेराव पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर किया गया था। उनका आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने विपक्षी नेताओं के साथ धक्का-मुक्की और बल प्रयोग किया, जिसके विरोध में देशभर में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाना लोकतंत्र का अधिकार है। उनका दावा है कि राहुल गांधी ने संसद के भीतर और बाहर युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाया है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
भारी बारिश के बीच आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में पीसीसी सचिव देवनाथ उसेंडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गजा पटेल, ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष माधेश्वर जैन, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मैनु कुमेटी, जिला महासचिव संगठन शेख तौहीद अहमद, प्रशासनिक संजय राय, शहर कांग्रेस प्रभारी रवि देवांगन, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, कोषाध्यक्ष वी.पी. शुक्ला, महासचिव शब्बीर बढ़गुजर, राजेश साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई प्रदेश सचिव जय वट्टी, पूर्व पार्षद बागेश्वरी पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(नोट: यह समाचार कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें व्यक्त आरोप और दावे संबंधित पक्ष के हैं।)




