
रायपुर। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को बड़ी उपलब्धि मिली है। रामनामी समाज की अनूठी परंपरा और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि रामनामी समाज की परंपरा श्रद्धा, समर्पण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। इस समुदाय की विशिष्ट पहचान और जीवन दर्शन को प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने में इस डॉक्यूमेंट्री ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस राष्ट्रीय सम्मान से छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, जनजातीय एवं लोक समुदायों की सांस्कृतिक विरासत को देश और दुनिया में नई पहचान मिलेगी। साथ ही प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को व्यापक मंच पर सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।




