
नारायणपुर, 18 जुलाई 2026। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बाहरी व्यक्ति, किरायेदार, अस्थायी मजदूर या कर्मचारी, होटल अथवा लॉज में ठहरा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस ने नागरिकों से बिना पहचान के रह रहे व्यक्तियों, देर रात संदिग्ध आवाजाही, सुनसान स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा, लावारिस वस्तु या वाहन, संदिग्ध सामान के आवागमन तथा संवेदनशील स्थानों की अनावश्यक फोटो या वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की है।
नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने और केवल सत्यापित जानकारी ही साझा करने का आग्रह किया गया है।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना टोल फ्री नंबर 1800 233 1905 अथवा नारायणपुर पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479194299 पर दी जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ही जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।




