
नक्सलियों का हथियार डंप बरामद, नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई
कच्चापाल के जंगल में सर्चिंग के दौरान रायफल, कारतूस और बैरल लांचर सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद
नारायणपुर, 17 जुलाई 2026। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस और 58वीं वाहिनी बीएसएफ द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त सर्चिंग अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना कोहकामेटा क्षेत्र के कच्चापाल जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार जिले के नक्सलमुक्त क्षेत्रों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री की तलाश के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा बरामद किया।
बरामद सामग्री
एक .303 रायफल
एक .315 रायफल
एक स्थानीय निर्मित बैरल लांचर
.303 बोर के 17 जीवित कारतूस
7.62 मिमी के 10 जीवित कारतूस
12 बोर के 4 कारतूस
.303 रायफल की एक खाली मैगजीन
दो कारतूस फिलर
तीन .303 ट्रेसर रॉड
पुलिस ने बरामद सभी सामग्री को जब्त कर थाना कोहकामेटा में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नारायणपुर पुलिस का कहना है कि जिले में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अभियानों के माध्यम से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्री की बरामदगी की जा रही है, जिससे उनकी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




