header ads
अधिकारअबूझमाड़कला और संस्कृतिछत्तीसगढ़नारायणपुर

CG News: नारायणपुर को मिले नए पुलिस अधीक्षक, संदीप कुमार पटेल ने संभाली कमान

24वें पुलिस अधीक्षक के रूप में किया पदभार ग्रहण, कानून व्यवस्था, नक्सल उन्मूलन और जनविश्वास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

 

दंडकारण्य दर्पण

नारायणपुर।

 

नारायणपुर जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी संदीप कुमार पटेल ने सोमवार को जिले के 24वें पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। राज्य शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत पूर्व पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया के स्थानांतरण के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, नक्सल उन्मूलन अभियान, अपराध नियंत्रण तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

 

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नारायणपुर जैसे संवेदनशील जिले में शांति, सुरक्षा और आम जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का प्रभावी पालन, अपराधों पर नियंत्रण और नक्सल विरोधी अभियानों को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

 

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और भरोसेमंद पुलिसिंग ही विभाग की सबसे बड़ी पहचान होनी चाहिए। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

 

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नारायणपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने उन्हें जिले की सुरक्षा व्यवस्था और चल रहे अभियानों की जानकारी भी उपलब्ध कराई।

 

नारायणपुर जिले में नए पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति को कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, नक्सल उन्मूलन और जनहित से जुड़े पुलिस कार्यों को नई गति मिलेगी।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!