
एनएमडीसी परिक्षेत्र विकास निधि से बस्तर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, बस्तर संभाग के छह जिलों में लगभग 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी
रायपुर। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) परिक्षेत्र विकास निधि की समीक्षा बैठक शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में एनएमडीसी परिक्षेत्र विकास निधि के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एनएमडीसी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के तहत बस्तर संभाग के छह जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर से प्राप्त 49 करोड़ 95 लाख 65 हजार रुपये की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तुत नए प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
स्वीकृत कार्यों में पोषण आहार, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, आधारभूत अधोसंरचना, सांस्कृतिक गतिविधियां तथा अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। प्रस्तावित कार्यों में बस्तर जिले के 29, कोंडागांव के 18, नारायणपुर के 14, दंतेवाड़ा के 17, बीजापुर के 86 तथा सुकमा जिले के 106 विकास कार्य शामिल किए गए हैं।
बैठक में आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, मुख्यमंत्री एवं खनिज विकास विभाग के सचिव पी. दयानंद, एनएमडीसी के सीएमडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बस्तर संभाग के सभी छह जिलों के कलेक्टर मौजूद रहे।




