CG News: फरसगांव उपचुनाव में कांटे की टक्कर, कांग्रेस और भाजपा ने जीता एक-एक वार्ड
वार्ड 01 से उमेश सोना और वार्ड 12 से छबीला नेताम बने पार्षद

दंडकारण्य दर्पण
फरसगांव उपचुनाव में कांटे की टक्कर, कांग्रेस और भाजपा ने जीता एक-एक वार्ड
वार्ड 01 से उमेश सोना और वार्ड 12 से छबीला नेताम बने पार्षद
फरसगांव। नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 01 और 12 में हुए उपचुनाव के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए। दोनों वार्डों में मुकाबला बेहद रोचक रहा और जीत का फैसला बेहद कम मतों के अंतर से हुआ। चुनाव परिणामों में कांग्रेस और भाजपा को एक-एक वार्ड में सफलता मिली है, जिससे स्थानीय राजनीति में दोनों दलों की बराबरी की स्थिति बनी हुई है।
वार्ड क्रमांक 01 में कांग्रेस प्रत्याशी उमेश सोना ने भाजपा के प्रेम नाग को मात्र 2 मतों के अंतर से पराजित किया। उमेश सोना को कुल 141 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रेम नाग को 139 वोट मिले। इस वार्ड में 4 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
वहीं वार्ड क्रमांक 12 में भाजपा प्रत्याशी छबीला नेताम ने कांग्रेस उम्मीदवार सावित्री मरकाम को 5 मतों से हराकर जीत दर्ज की। छबीला नेताम को 129 मत मिले, जबकि सावित्री मरकाम के पक्ष में 124 वोट पड़े। इस वार्ड में नोटा को 2 मत प्राप्त हुए।
परिणाम घोषित होने के बाद दोनों राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। निर्वाचन अधिकारी अश्वन कुमार पुसाम ने सुबह 10:30 बजे दोनों विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद भाजपा ने विजयी प्रत्याशी छबीला नेताम के साथ नगर में विजय रैली निकाली। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उमेश सोना की जीत पर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। उपचुनाव के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया कि फरसगांव की राजनीति में दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला बेहद करीबी बना हुआ है।




