
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर में “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा वाहन का शुभारंभ
एक नंबर पर मिलेगी पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आपदा सहायता
नारायणपुर। जनसुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने की दिशा में नारायणपुर पुलिस द्वारा “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा वाहन का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर डायल-112 वाहन को रवाना किया।
कार्यक्रम में पार्षद श्री संजय नंदी, श्रीमती रमशीला नाग, श्रीमती संगीता जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील नायक सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि “एके नंबर – सब्बो बर” की अवधारणा पर आधारित CG Dial-112 सेवा के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही नंबर पर पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं आपदा प्रबंधन जैसी आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह सेवा सड़क दुर्घटना, स्वास्थ्य आपातकाल, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, आगजनी, अपराध, विवाद तथा अन्य संकट की स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने बताया कि “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। सेवा में उपयोग किए जा रहे वाहन स्मार्टफोन, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस रेडियो कम्युनिकेशन एवं कैमरों से लैस हैं, जिससे घटनास्थल तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही निकटतम वाहन को तत्काल रवाना किया जाएगा, जिससे रिस्पॉन्स समय में उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 33 जिलों में विस्तारित की जा रही यह सेवा नागरिकों को सुरक्षित, त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह सेवा विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
नारायणपुर पुलिस आधुनिक एवं संवेदनशील पुलिसिंग के माध्यम से आमजन की सुरक्षा, विश्वास एवं सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। डायल-112 सेवा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करेगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




