बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में वर्षों से लंबित स्थायी वारंटों की तामीली को लेकर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ चर्चा में है। महज एक महीने के भीतर 1081 स्थायी वारंटों की तामीली कर पुलिस ने बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। हालांकि इस अभियान में जिलों के प्रदर्शन में अंतर भी सामने आया है। जहां बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम किया, वहीं रायगढ़ और कोरबा का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा।

8 अक्टूबर से 7 नवंबर तक चला विशेष अभियान
दरअसल, आईजी रामगोपाल गर्ग ने बिलासपुर रेंज के आठ जिलों में लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा के दौरान पाया कि न्यायालयों से जारी बड़ी संख्या में वारंट वर्षों से लंबित हैं। इन वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने 8 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ चलाने के निर्देश दिए।
सूत्रों के मुताबिक, रायगढ़ और कोरबा में अभियान के अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर रेंज स्तर पर नाराजगी जताई गई है। संबंधित पुलिस अधीक्षकों को आगामी अभियानों में बेहतर परिणाम देने और लंबित वारंटों की तामीली पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों और पुलिस टीमों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आईजी की सख्ती के बाद आगे क्या?
ऑपरेशन बाज के नतीजों ने पुलिस प्रशासन के सामने एक महत्वपूर्ण तस्वीर रखी है। एक तरफ अभियान के जरिए बड़ी संख्या में लंबित वारंटों की तामीली हुई, तो दूसरी तरफ जिलों के प्रदर्शन में अंतर भी उजागर हुआ।
आईजी रामगोपाल गर्ग का उद्देश्य रेंज में वर्षों से लंबित स्थायी वारंटों की संख्या को न्यूनतम करना है। ऐसे में आने वाले समय में भी वारंट तामीली को लेकर विशेष अभियान और समीक्षा जारी रहने के संकेत हैं।



