रायपुर के वेलनेस सेंटर में पुलिस की रेड, MDMA ड्रग्स के साथ 3 गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शंकर नगर के पास स्थित रेमेडी सेलून एवं वेलनेस सेंटर में छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं। उनके कब्जे से 14.73 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 47 हजार 300 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर छापा
रायपुर कमिश्नरेट की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र में शंकर नगर के पास स्थित रेमेडी सेलून एवं वेलनेस सेंटर में एमडीएमए ड्रग्स की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित की गई।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह पुलिस की टीम ने सेंटर में छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां मौजूद तीन लोगों के पास से एमडीएमए ड्रग्स मिलने का दावा पुलिस ने किया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया।
दुर्ग और रायपुर के निवासी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशा नायक (27), निवासी सुपेला, दुर्ग; कृष्णा तिवारी (29), निवासी मोवा, रायपुर; और हेमंत थापा (36), निवासी अवंति विहार, रायपुर के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, हेमंत थापा ट्रांसजेंडर हैं।
तीनों के खिलाफ खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 405/2026 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज (NDPS) अधिनियम की धारा 21(सी) में मामला दर्ज किया गया है।
ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच

पुलिस अब मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि एमडीएमए कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।