
छोटेडोंगर में सड़क बदहाल, निर्माण कार्य से बढ़ी राहगीरों की परेशानी
डूरकाडोंगरी के पास सीसी रोड निर्माण के दौरान आवागमन प्रभावित, भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ी दिक्कत
वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था नहीं होने से वाहनों की लगी कतार, मौके पर पहुंची छोटेडोंगर पुलिस
संवाददाता – बोधन नाग
छोटेडोंगर। डूरकाडोंगरी के पास सड़क की खराब स्थिति और चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के दौरान आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ते की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आमदई माइंस की ओर आने जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है। निर्माणाधीन हिस्से में रास्ता संकरा होने से छोटी और बड़ी गाड़ियों की कतार लग रही है, जिससे राहगीरों को काफी समय तक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण के बीच यातायात व्यवस्था बनी चुनौती
सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं किए जाने की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है। सड़क पर वाहनों की भीड़ बढ़ने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी देखी जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद छोटेडोंगर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित करने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में वाहनों की आवाजाही सुचारू कराने की कोशिश की गई।
वैकल्पिक मार्ग की मांग
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण जरूरी है, लेकिन निर्माण के दौरान आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने और राहगीरों को हो रही परेशानी का जल्द समाधान करने की मांग की है।
दंडकारण्य दर्पण – सच के साथ समाज के साथ




