header ads
खेलछत्तीसगढ़नई दिल्लीरायपुरराष्ट्रीय

CG: छत्तीसगढ़ में पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, छह टीमें दिखाएंगी दम

रायपुर में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होंगे मुकाबले, दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश

छत्तीसगढ़ में पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, छह टीमें दिखाएंगी दम

 

रायपुर में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होंगे मुकाबले, दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश

 

रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। यह देश में किसी राज्य द्वारा आयोजित पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी, जिसे हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

लीग के मुकाबले राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाने की संभावित तिथियां तय की गई हैं।

 

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को रायपुर स्थित नवीन विश्राम भवन में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इससे राज्य के खिलाड़ियों को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

 

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी में समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। राज्य स्तरीय हॉकी लीग इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देगी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के अनुभव के साथ प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराएगी।

 

छह टीमें होंगी आमने-सामने

 

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

 

सभी टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबले में लीग के पहले विजेता का फैसला होगा।

 

लोगो और शुभंकर में दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान

 

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का लोगो प्रदेश के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। लोगो में आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश के निरंतर विकास और प्रगति का प्रतीक है।

 

लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी बोली की यह टैगलाइन अपनत्व और खेल के प्रति आमंत्रण का संदेश देती है।

 

लीग का शुभंकर “बघवा” नाम का बाघ है। बघवा छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक है। इसे साहस, शक्ति और निडरता के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

 

हॉकी इंडिया के अधिकारी संभालेंगे तकनीकी जिम्मेदारी

 

प्रतियोगिता के दौरान सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त किए जाएंगे। इससे मुकाबलों में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर रहेगा।

 

लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का आनंद भी ले सकेंगे।

 

खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और युवाओं के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

 

लॉन्चिंग कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

दंडकारण्य दर्पण

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!