header ads
छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तररायपुर

CG: चेन्नई से लौट रहे केशकाल के मजदूर की आंध्र प्रदेश में ट्रेन से गिरकर मौत

चलती ट्रेन से गिरने के बाद मौके पर गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

चेन्नई से लौट रहे केशकाल के मजदूर की आंध्र प्रदेश में ट्रेन से गिरकर मौत

 

चलती ट्रेन से गिरने के बाद मौके पर गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

कोंडागांव/केशकाल। चेन्नई से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे केशकाल निवासी एक मजदूर की आंध्र प्रदेश में चलती ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल कुमार टण्डन उम्र 35 वर्ष, निवासी ढोढरापारा केशकाल, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

रेलवे पुलिस की पंचनामा रिपोर्ट के अनुसार गोपाल कुमार टण्डन मजदूरी करने के लिए चेन्नई गया हुआ था। वह 3 अगस्त को ट्रेन से अपने घर के लिए रवाना हुआ था। 6 अगस्त की सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर आंध्र प्रदेश के टंगुटूरु रेलवे स्टेशन के नॉर्थ यार्ड के पास वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।

 

हादसे में गोपाल के सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल ओंगोल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

 

रेलवे पुलिस की पंचनामा रिपोर्ट में घटना को दुर्घटनाजन्य बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार घटना में किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति या आपराधिक कारण सामने नहीं आया है।

 

गरीब परिवार पर टूटा आर्थिक संकट

 

गोपाल कुमार टण्डन के निधन से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। परिजनों के अनुसार शव को आंध्र प्रदेश से केशकाल लाने, एंबुलेंस, पोस्टमार्टम, दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में 50 से 60 हजार रुपये से अधिक का खर्च हो चुका है।

 

परिजनों ने बताया कि गोपाल परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद पत्नी, दो छोटी बेटियों और वृद्ध माता पिता के सामने जीवन यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

 

केशकाल नगर पंचायत के पार्षद हेमंत बांदे ने जिला प्रशासन से मांग की है कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन की पात्रता वाली योजनाओं के तहत तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

 

परिवार ने भी छत्तीसगढ़ शासन, कोंडागांव जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

 

एसडीएम ने लिया संज्ञान

 

मामले की जानकारी मिलने के बाद केशकाल एसडीएम आकांक्षा नायक ने प्रकरण का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद यदि परिवार शासन द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुरूप पाया जाता है, तो उपलब्ध शासकीय योजनाओं के तहत आवश्यक आर्थिक सहायता प्रदान करने की कार्रवाई की जाएगी।

Bindesh Patra

युवा वहीं होता हैं, जिसके हाथों में शक्ति पैरों में गति, हृदय में ऊर्जा और आंखों में सपने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!