
संत गुरु रविदास जी का समरसता का संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक : सुधीर पांडे
नारायणपुर, 28 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय नारायणपुर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर पांडे ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार लोगों को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता, सद्भाव और सामाजिक न्याय की राह पर चलने की प्रेरणा देते हैं। इन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में समरसता संकल्प अभियान चला रही है।
सुधीर पांडे ने बताया कि अभियान के तहत समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। साथ ही संतों और महापुरुषों के विचारों को समाज में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन समान अवसर, सामाजिक न्याय और समरस समाज की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक मजबूत, संगठित और समरस भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने और गुरु रविदास जी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रेसवार्ता के दौरान समरसता संकल्प अभियान की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों तथा संत गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न आयोजनों की जानकारी भी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई। पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए अभियान के उद्देश्यों और संगठन की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।




