
छोटेडोंगर के लाटापारा में हादसा, टक्कर के बाद दोनों ट्रकों के उड़े परखच्चे, चालक मौके से फरार
नारायणपुर। संवाददाता बोधन नाग
छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के लाटापारा के पास सड़क किनारे खड़ी आयरन ओर लदी ट्रक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर निवासी आनंद नाग की ट्रक आमदई माइंस से आयरन ओर लोड कर छोटेडोंगर के लाटापारा मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान रायपुर की ओर से आमदई माइंस की तरफ जा रहे एक अन्य ट्रक ने खड़ी ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक चालक नशे की हालत में बताया जा रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय दोनों वाहनों के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही छोटेडोंगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, ऐसे में शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई बेहद जरूरी है।
हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्थिति को सामान्य कराया।




