
नारायणपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, जंगल से हथियार और विस्फोटकों का डंप बरामद
आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 12 बोर रायफल, मोर्टार शेल, कारतूस समेत बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त
नारायणपुर।
नारायणपुर जिले के नक्सल मुक्त क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संयुक्त सुरक्षा बलों का सर्च अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत शनिवार को 44वीं वाहिनी आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने ओरछा थाना क्षेत्र के पदगुंडा-करसेनार के जंगलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का एक डंप बरामद किया।
पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम ने कैंप पदमेटा से पदगुंडा-करसेनार की ओर सघन सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखी गई नक्सल सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री में एक 12 बोर रायफल, 55 कारतूस, चार स्थानीय निर्मित 51 मिमी मोर्टार शेल, 25 लोहे के भाले, एक बैटरी, एक स्टील कंटेनर तथा भाकपा (माओवादी) का एक झंडा शामिल है।
बरामद सभी सामग्री को नियमानुसार जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले के नक्सल मुक्त क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे अभियानों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा बल किसी भी संभावित गतिविधि को रोकने और छिपाकर रखे गए हथियारों तथा विस्फोटकों की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।
नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या नक्सल संबंधी सूचना मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





