
रायपुर में भाजपा-कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान बवाल, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प, 16 जवान घायल
रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बुधवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। राजीव भवन घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की घटना सामने आई, जिसमें एक उपनिरीक्षक (एसआई) सहित 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की भी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




